कार से धारदार चाकू, लोहे की रॉड, पेचकस और अन्य सामग्री बरामद; मुखबिर की सूचना पर बरपाली चौक के पास पुलिस की कार्रवाई
चांपा/जांजगीर-चांपा। नवरात्रि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस लगातार सतर्कता बरत रही है। पेट्रोलिंग और रात्रि गश्त के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में चांपा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बरपाली चौक के पास घेराबंदी कर ब्रेजा कार सवार चार संदिग्धों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो बड़े धारदार चाकू, कार में छिपाकर रखी लोहे की रॉड, बड़ा पेचकस, जूट का बोरा एवं तार बरामद कर जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, संदिग्ध हथियार दिखाकर आने-जाने वाले लोगों को भयभीत कर रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए कार क्रमांक CG 04 NH 7770 सहित चारों आरोपियों को पकड़ा। तलाशी के दौरान वाहन में छिपाकर रखी गई संदिग्ध सामग्री बरामद हुई। पुलिस की इस कार्रवाई को त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बिलासपुर जिले के रहने वाले हैं चारों आरोपी
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लिहास अली, पिता सतार अली, उम्र 24 वर्ष, निवासी फरहदा, थाना सीपत; मुकेश यादव, पिता विश्राम यादव, उम्र 30 वर्ष, निवासी चिल्हाटी, थाना सरकंडा; शबान, पिता अब्दुल रहमान, उम्र 26 वर्ष, निवासी चिल्हाटी, थाना सरकंडा; तथा साबीर खान, पिता मनसूद खान, उम्र 24 वर्ष, निवासी चिल्हाटी, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
चोरी और नकबजनी के मामलों की भी जांच
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न थानों में पूर्व से चोरी, नकबजनी सहित अन्य अपराध दर्ज होने की जानकारी मिली है। मामले में थाना चांपा में अपराध क्रमांक 553/26, भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
त्योहार के मद्देनजर पुलिस की सतर्कता जारी
नवरात्रि और दशहरा पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही, मेले और बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग एवं रात्रि गश्त की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस की अपील: आम नागरिक किसी भी संदिग्ध गतिविधि या हथियारों के साथ घूम रहे व्यक्तियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर जनसुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।




